देहरादून। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है। मुलायम सिंह यादव ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सुबह 8 बजकर 16 मिनट पर अंतिम सांस ली। मुलायम सिंह यादव को 22 अगस्त को मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया था। 1 अक्टूबर की रात को आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। मेदांता के डॉक्टरों का पैनल मुलायम सिंह यादव का इलाज कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक अखिलेश यादव मेदांता से पिता का पार्थिव शरीर लेकर सैफई के लिए निकल गए हैं। सैफई में ही मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार होगा। इससे पहले मुलायम सिंह के निधन की खबर मिलते ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मेदांता हॉस्पिटल पहुंचे थे। मुलायम सिंह यादव के बेटे अखिलेश यादव गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचे थे। इस दौरान रामगोपाल यादव, प्रतीक यादव और धर्मेंद्र यादव समेत परिवार के कई सदस्य अस्पताल में मौजूद रहे। मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर सुनते ही समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मेदांता हॉस्पिटल पहुंचने लगे हैं। अस्पताल के बाहर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया था। मुलायम सिंह यादव के निधन पर देश भर के नेता उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
