देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को एक कार्यक्रम में कहा कि जब भाजपा सत्ता में आती है, तो वह सेवा करती है और कांग्रेस सत्ता में आने पर दलाली करती है।रविवार को देहरादून के सहस्त्रधारा स्थित प्राचीन शिव मंदिर प्रांगण में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी मंडल की कार्य समिति को संबोधित करते हुए यह बाते कहीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी हैं, यही वजह है कि आज भाजपा में 18 करोड़ से अधिक सदस्य हैं। एक चाय बेचने वाला देश का प्रधान मंत्री बन सकता है तो यह सिर्फ भाजपा में ही संभव हैं।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कार्य समिति की बैठक में पदाधिकारियों को आगामी कार्यक्रमों यानि चुनाव को लेकर अभी से जुटने का आहृान किया। उन्होंने कहा कि चुनावों में आप सभी कार्यकर्ताओं के दम पर पार्टी विजयी होगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य, सड़क एवं हवाई कनेक्टविटी, पर्यटन जैसे अनेक क्षेत्रों में निरंतर कार्य किया जा रहा है। कृषि के क्षेत्र में आज प्रदेश में अनेक कदम उठाए जा रहे हैं। पीएम मोदी ने संकल्प लिया है कि 2030 तक भारत विश्व के नंबर एक उत्पादक देश होगा। इसके लिए प्रदेश में जैविक खेती और प्राकृतिक खेती लगातार कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही नई तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री किसान प्रोत्साहन राशि योजना शुरू करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
उन्होंने कहा सैनिकों के सम्मान के लिए देहरादून के गुनियाल गांव में भव्य सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। जिसका निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। अक्टूबर माह के अंत तक यह सैन्य धाम बनकर तैयार हो जाएगा। इसी प्रकार शीघ्र ही प्रदेश सरकार रूफ गार्डनिंग योजना शुरू करने जा रही है, जिससे लोग अपने छतों पर अब ऑर्गेनिक सब्जी का उत्पादन कर सकेंगे।
मंत्री जोशी ने कहा राज्य सरकार एक विजन के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि हमारा संकल्प है कि जब राज्य 25 वर्ष का होगा तो हमारा प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो। इस दिशा में प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
इस मौके पर भाजयुमो राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी, मंडल प्रभारी रतन सिंह चौहान, मंडल अध्यक्ष राकेश रावत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष वीर सिंह चौहान, दीपकर पुंडीर, पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल समेत कई लोग उपस्थित रहे।
